कोच मास्टर बी.के. भारत और अकादमी संचालिका सोनी भारत के मार्गदर्शन में प्राप्त की बड़ी सफलता

हापुड़। भारतीय मार्शल आर्ट्स जगत के लिए गर्व का क्षण तब बना, जब इंडियन कॉम्बैट लीग सीजन-10 में एक्टिव भारत स्पोर्ट्स अकादमी हापुड़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मोहम्मद सुभान सैफी ने मिक्स मार्शल आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। विशेष बात यह रही कि फाइनल मुकाबले में उन्होंने उत्तराखंड के मजबूत और अनुभवी खिलाड़ी को नॉकआउट कर यह जीत हासिल की। उनके इस प्रदर्शन ने जहां दर्शकों को रोमांचित किया, इस उपलब्धि ने हापुड़ शहर और पूरे उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर उज्ज्वल किया। 

मोहम्मद सुभान सैफी की इस सफलता के पीछे उनके कोच मास्टर बी.के. भारत का मार्गदर्शन और लगातार प्रेरणा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मास्टर बी.के. भारत देश के प्रतिष्ठित मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षकों में से एक हैं, जो वर्षों से युवाओं को आत्मरक्षा, अनुशासन और खेल भावना की शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही अकादमी की संचालिका सोनी भारत ने भी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रबंधन और खेल विकास में निरंतर सहयोग देकर अकादमी को एक उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र के रूप में स्थापित किया है।

प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सुभान ने अपनी कुशल तकनीक, फिटनेस और आत्मविश्वास के दम पर हर राउंड में बढ़त बनाए रखी। निर्णायक दौर में भी उन्होंने सटीक और दमदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

अकादमी संचालिका सोनी भारत ने बताया कि सुभान अत्यंत अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी हैं। वे नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और आत्मनियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनकी यह जीत अकादमी के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मास्टर बी.के. भारत ने कहा कि सुभान की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह हापुड़ की खेल प्रतिभा की क्षमता और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले, तो वे किसी भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

स्थानीय निवासियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने सुभान की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि सुभान जैसे युवा खिलाड़ी हापुड़ के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को खेल और फिटनेस की ओर प्रेरित करेगी।

गोल्ड मेडल जीतकर लौटे मोहम्मद सुभान सैफी ने इस सफलता को अपने कोच मास्टर बी.के. भारत, संचालिका सोनी भारत, परिवार और साथियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह तो शुरुआत है, उनका लक्ष्य आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाना है।